नागपुर :- घरेलू विवाद के बाद बदला लेने के लिए 14 वर्षीय बच्चे को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके पिता को धमकाने वाले आरोपी को क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने महज तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को भी पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नंदनवन क्षेत्र निवासी 39 वर्षीय व्यक्ति का शास्त्री नगर, नंदनवन झोपड़पट्टी निवासी आरोपी सिद्धार्थ अरुण पिल्लेवान (26), से विवाद हुआ था। आरोपी और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा होने पर शिकायतकर्ता ने आरोपी की पत्नी को अस्पताल पहुंचाया था और आरोपी को विवाद नहीं करने की समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज आरोपी ने 11 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे शिकायतकर्ता के 14 वर्षीय बेटे को उसके घर से यह कहकर अपने साथ ले गया कि वह उसे उसके पिता के पास ले जा रहा है। बच्चे को ले जाने के बाद आरोपी ने उसके पिता को फोन कर धमकी दी कि उसकी पत्नी को जल्द घर लाया जाए, अन्यथा वह उनके बेटे के साथ कुछ भी कर सकता है। शिकायत मिलने पर और मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने समानांतर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और उसके परिजनों से जानकारी जुटाई तथा आरोपी और उसके रिश्तेदारों के बारे में पड़ताल की। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस अमलदार गोविंद देशमुख को आरोपी के संबंध में पुख्ता जानकारी मिली। इसके आधार पर टीम ने पारडी थाना क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोपेड क्रमांक एमएच 31/ सीजेड 8349 जब्त कर ली। आरोपी को जब्त वाहन समेत आगे की कार्रवाई के लिए नंदनवन पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक बाबूराव राऊत, पुलिस उपनिरीक्षक जितेशाचारी आरवेल्ली, सहायक फौजदार नाजीर शेख, पुलिस हवलदार अतुल चाटे, अभिषेक शनिवारे, पुरुषोत्तम कालमेघ तथा पुलिस अमलदार गोविंद देशमुख और श्रीकांत मारवाडे की टीम ने की।





