– यशोधरा नगर पुलिस की कार्रवाई, तीन पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया
नागपुर :- यशोधरा नगर पुलिस ने संगम नगर स्थित संजीवनी क्वार्टर क्षेत्र में एक मकान में चल रहे कथित देह व्यापार का पर्दाफाश करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया तथा नकद राशि सहित कुल 1 लाख 18 हजार 800 रुपए का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, यशोधरा नगर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को गुप्त सूचना मिली थी कि संगम नगर, संजीवनी क्वार्टर नंबर 34/1, वनदेवी चौक स्थित होटल अल रहमान के सामने वाली गली में एक मकान में देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना के मुताबिक, मकान मालिक महिलाओं को पैसों का लालच देकर देह व्यापार के लिए जगह उपलब्ध कराता था और ग्राहकों से प्रति व्यक्ति 2,000 रुपए लिए जाते थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम पंचों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची और छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पवन नगर, अम्मा की दरगाह, यशोधरा नगर, नागपुर निवासी प्रवीण शालीकराम बिलसे (यादव), (30) अपने मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर देह व्यापार के लिए जगह उपलब्ध करा रहा था।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया और तीनों महिलाओं को मुक्त कराया। पुलिस के अनुसार, इन तीनों महिलाओं को पैसों का लालच देकर दिल्ली, नागपुर और अन्य स्थानों से देह व्यापार के लिए बुलाया गया था। कार्रवाई के दौरान आरोपी, बोगस ग्राहक और पीड़ित महिलाओं के कमरे से कुल 1,18,800 रुपये का माल जब्त किया गया। इस मामले में यशोधरा नगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी (दक्षिण प्रादेशिक विभाग), पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाड (कलमना विभाग) के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक यूनुस चांद शेख, पुलिस उप निरीक्षक नीलकंठ नन्नावरे, पुलिस हवलदार गणेश गुप्ता, राजेश वासनिक, रवि अहीर, पुलिस अंमलदार लक्ष्मण पडवाल, रितेश दुधे, मंगेश गिरी, गजानन गेडाम, महिला पुलिस अंमलदार वर्षा नोनारे, महिला पुलिस अंमलदार बबीता नन्नावरे तथा चालक पुलिस अंमलदार योगेश शामिल रहे। सभी यशोधरा नगर पुलिस थाना, नागपुर शहर से संबंधित हैं।








