– चालक गंभीर घायल, एनएच-44 पर पालमकुला के पास हादसा
हैदराबाद :- तेलंगाना के हैदराबाद के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुए भीषण सड़क हादसे में इनोवा कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना शमशाबाद थाना क्षेत्र के पालमकुला गांव के बाहरी इलाके में हुई।
शमशाबाद पुलिस के अनुसार, मृतक महबूबनगर स्थित अपने पैतृक गांव में गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी इनोवा दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चालक सबावथ अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल शमशाबाद के निजी ट्राइडेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों के संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।





