– सावनेर में अलग-अलग हादसे, बारिश में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
नागपुर/सावनेर :- सावनेर क्षेत्र में शुक्रवार को तेज बारिश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। एक हादसे में युवक की बिजली की चपेट में आने से मौत हुई, वहीं दूसरे हादसे में तेज आंधी के कारण आम का पेड़ गिरने से उसके नीचे दबे एक व्यक्ति की जान चली गई। पेड़ के नीचे दबे दोनों लोगों को क्रेन और जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। दोनों आपस में ममेरे भाई होने की जानकारी है।
पहली घटना सावनेर के सर्वोदय नगर स्थित पुरानी पानी की टंकी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय साहिल सत्तार शाह बिजली की चपेट में आ गया। वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
दूसरी घटना चिचपुरा स्थित छोटी मस्जिद के पास हुई। यहां तेज आंधी के कारण आम का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे चिचपुरा निवासी मुस्ताक गुलाम शेख (43) और गडेगांव निवासी सचिन दियेवार दब गए। घटना की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड को मिली। उन्होंने तत्काल सावनेर पुलिस निरीक्षक ऋतुजा जाधव को सूचना दी।
इसके बाद सावनेर के ग्रामीणों और हितेश बंसोड की मदद से क्रेन एवं जेसीबी की सहायता से पेड़ को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया। मुस्ताक गुलाम शेख को सावनेर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं सचिन दियेवार के हाथ में चोट लगने के साथ हाथ फ्रैक्चर की जानकारी सामने आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत से सावनेर क्षेत्र में शोक का माहौल है। दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक मदद
घटना का पता चलते ही क्षेत्र के विधायक आशीष देशमुख ने गहरा दुख जताया है। पेड़ गिरने की घटना की जांच करने के आदेश देते हुए सरकार की विशेष आपदा योजना के तहत मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी विधायक देशमुख ने की।





