– एमपी के दो आरोपी गिरफ्तार, छह दुपहिया वाहन बरामद
नागपुर :- क्राइम ब्रांच की यूनिट-5 ने अंतरराज्यीय दुपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के छह दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में गिरोह का एक आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 14 मई की रात जरीपटका थाना क्षेत्र के सीएमपीडीआई रोड स्थित रिलायंस जियो मार्ट के सामने से सुजुकी एक्सेस चोरी हुई थी। इस संबंध में जरीपटका थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने मामले की समानांतर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कुरई क्षेत्र में होने की गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धनंजय जगने और राकेश चौधरी, दोनों निवासी कुरई, जिला सिवनी, को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छह चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, इनमें नागपुर के जरीपटका तथा मध्यप्रदेश के सिवनी थाना क्षेत्र से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। इस मामले में प्रजीत नामक आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को बरामद वाहनों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जरीपटका पुलिस के हवाले कर दिया गया है।





