– घोरपड़-शिरपुर ग्राम पंचायत की अनोखी पहल, कर माफी की घोषणा
नागपुर :- जिला परिषद प्राथमिक स्कूल घोरपड़-शिरपुर में विद्यार्थियों की घटती संख्या को देखते हुए ग्राम पंचायत ने शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए अनोखी पहल की है। ग्राम पंचायत घोरपड़-शिरपुर की प्रशासक एवं सभी सदस्यों की ओर से घोषणा की गई है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से जिन परिवारों के बच्चे जिला परिषद स्कूल में प्रवेश लेंगे, उनका ग्राम पंचायत क्षेत्र का घर टैक्स और पानी टैक्स माफ किया जाएगा। 

ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच तारा बलवंत कडूने इस निर्णय की घोषणा की। ग्राम पंचायत का उद्देश्य जिला परिषद स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, नि:शुल्क और सर्वसमावेशक शिक्षा उपलब्ध कराना है। ग्राम पंचायत के इस निर्णय से अभिभावकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ जिला परिषद स्कूल की ओर विद्यार्थियों का रुझान बढ़ने की उम्मीद है। ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से अपने बच्चों का प्रवेश जिला परिषद स्कूल में कराने तथा गांव की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है। ग्राम पंचायत के इस निर्णय की ग्रामीणों द्वारा सराहना की जा रही है। ग्राम पंचायतका मानना है कि स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने से गांव की शैक्षणिक व्यवस्थाको नई दिशा मिलेगी और जिला परिषद स्कूलों के प्रति अभिभावकों का विश्वास भी मजबूत होगा।





