– पार्षद शैलेश पांडे और ममता बजरंग ठाकुर ने किया घाट का निरीक्षण
नागपुर :- छठ महापर्व को देखते हुए गोरेवाड़ा तालाब स्थित छठ घाट पर की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं का आज निरीक्षण किया गया। इस दौरान नागपुर महानगरपालिका के मंगलवारी जोन के सहायक आयुक्त अशोक गराटे, पार्षद शैलेश पांडे और ममता बजरंग ठाकुर के साथ छठ घाट समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान घाट पर साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए अन्य इंतजामों का जायजा लिया गया।
इस वर्ष नागपुर महानगरपालिका की ओर से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। विशेष रूप से गोरेवाड़ा तालाब के पानी को स्वच्छ रखने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पहले तालाब में सीवेज का गंदा पानी मिल जाता था, जिससे जल की स्वच्छता प्रभावित होती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मनपा ने लगभग 17 लाख रुपये की निधि खर्च कर अलग पाइपलाइन बिछाई है। इसके माध्यम से सीवेज के पानी को तालाब में जाने से रोकते हुए दूसरी दिशा में मोड़ दिया गया है। इससे तालाब के पानी को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिली है। छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोरेवाड़ा घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस वर्ष घाट पर पर्याप्त रोशनी के लिए बिजली की व्यवस्था, पेयजल, बैठने की सुविधा और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
निरीक्षण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और छठ घाट समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मनपा की ओर से की गई इन व्यवस्थाओं से इस वर्ष गोरेवाड़ा छठ घाट पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।






