spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

जल जीवन मिशन पर संकट के बादल

– बकाया नहीं मिलने से ठेकेदार काम बंद करने की तैयारी में

– राज्य के 305 तहसीलों में सूखे की स्थिति

नागपुर :- महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति के बीच ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था पर संकट मंडराने लगा है। जल जीवन मिशन के तहत गांवों में नल से पानी पहुंचाने की योजनाओं का काम कर रहे ठेकेदारों ने बकाया भुगतान नहीं मिलने पर काम बंद करने की चेतावनी दी है। इससे राज्य के हजारों गांवों में जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

राज्य में कम बारिश के कारण इस वर्ष 358 में से 305 तहसीलों में सूखा घोषित किया गया है। ऐसे समय में जल जीवन मिशन के कार्यों में रुकावट ग्रामीण आबादी की मुश्किलें बढ़ा सकती है। महाराष्ट्र राज्य जलापूर्ति ठेकेदार संघ के अनुसार, लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण ठेकेदार आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। संघ ने दिवाली से पहले आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद 28 अक्टूबर को मुंबई में जलापूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल के साथ बैठक हुई। इसमें आगामी अधिवेशन में निधि उपलब्ध कराने के लिए अस्थायी व्यवस्था का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद 5 नवंबर को वित्त विभाग को करीब 1,871 करोड़ रुपये की निधि की मांग भेजी गई। हालांकि, संघ का दावा है कि दिवाली से पहले ठेकेदारों को कोई भुगतान नहीं मिला।

मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दी चेतावनी

संघ के मुताबिक, 50 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुके 11,129 कार्यों के बिलों के भुगतान के लिए 3,187 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। वहीं, 75 प्रतिशत तक पूरे हो चुके अन्य 8,486 कार्यों के 2,347 करोड़ रुपये के बिल लंबित हैं। ठेकेदार संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि भुगतान नहीं होने पर करीब 11 हजार जलापूर्ति योजनाओं का काम प्रभावित हो सकता है। इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पर पड़ने की आशंका है।

Popular Articles