– बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को मनपा प्रतिबद्ध : महापौर ठाकरे
– महापौर ने ली मारबत महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक
– आयोजन को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से की चर्चा
नागपुर :- नागपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले मारबत-बड़ग्या महोत्सव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए नागपुर महानगरपालिका (मनपा) की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। महोत्सव के दौरान आयोजकों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मनपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह बात महापौर नीता ठाकरे ने सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कही।
नागपुर महानगरपालिका द्वारा आयोजित किए जाने वाले पारंपरिक मारबत महोत्सव के संबंध में आवश्यक नियोजन और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए महापौर ठाकरे की अध्यक्षता में सोमवार को डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागृह में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव की तैयारियों, शोभायात्रा मार्ग, नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विधायक प्रवीण दटके, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन, नगरसेविका आभा पांडे, क्रीड़ा विशेष समिति सभापति दर्शनी धवड, स्थापत्य व प्रकल्प विशेष समिति सभापति अश्विनी जिचकार, जलप्रदाय विशेष समिति सभापति दिव्या धुरडे, महिला एवं बालकल्याण विशेष समिति सभापति सारिका नांदुरकर, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, मुरुगानंथम एम., नगरसेवक सुधीर राऊत, संजय बालपांडे, संजय चावरे, वासिम खान, तुषार लारोकर, हेमंत बरडे, नगरसेविकाएं रामा उईके, अभिरुची राजगिरे, सय्यद मुस्कान सय्यद इरफान, सय्यदा बेगम मोहम्मद निझामुद्दीन, स्वीटी भिसीकर, रेखा निमजे, चेतना निमजे, प्रभाग 22 के नगरसेवक कल्पक भानारकर, उमा देशमुख, कल्पना शर्मा, श्रीकांत आगलावे, रामभाऊ आंबुलकर, संजय अवचट, पुलिस उपायुक्त (यातायात) आदित्य मिरखेलकर, मनपा उपायुक्त राजेश भगत, मंगेश खवले सहित काली-पिली मारबत उत्सव समिति, बड़ग्या उत्सव समिति के पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास
बैठक में बताया गया कि मारबत-बड़ग्या महोत्सव नागपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। महोत्सव के माध्यम से शहर में पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाने, नागपुर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने और शहर की विरासत को संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए मनपा के बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। बैठक में मारबत और बड़ग्या महोत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों और आयोजन समितियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। महापौर नीता ठाकरे ने निर्देश दिए कि आयोजन समिति, पुलिस विभाग और मनपा के सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। महोत्सव की तैयारियों और विभिन्न कार्यों के सुचारु नियोजन एवं क्रियान्वयन के लिए तत्काल एक विशेष ‘समन्वय समिति’ गठित करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। उन्होंने मिरवणूक मार्ग को व्यवस्थित और सुविधायुक्त रखने, प्रमुख स्थानों पर मारबत और बड़ग्या के स्वागत के लिए मंच तैयार करने, पर्याप्त विद्युत व्यवस्था करने तथा आवश्यक स्थानों पर स्वागत द्वार बनाने के निर्देश दिए।
नागरिकों के लिए पानी और अन्य सुविधाओं पर जोर:
विधायक प्रवीण दटके ने कहा कि मारबत-बड़ग्या नागपुर के आम नागरिकों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव समाज में मौजूद विभिन्न ज्वलंत और घातक सामाजिक विषयों को सामने लाने का माध्यम भी रहा है। इसलिए इस सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण महोत्सव की पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभागों और नागरिकों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने शोभायात्रा देखने के लिए बड़ी संख्या में आने वाले नागरिकों के लिए पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही बड़ग्या तैयार करते समय नई और आकर्षक संकल्पनाओं को शामिल करने का सुझाव भी दिया।
145 साल पुरानी परंपरा को भव्य स्वरूप देने की तैयारी:
बैठक की शुरुआत स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी वखरे के कंप्यूटर प्रस्तुतीकरण से हुई। उन्होंने मारबत महोत्सव के इतिहास, परंपरा और आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मारबत उत्सव की ऐतिहासिक परंपरा करीब 145 वर्ष पुरानी है। नागपुर की ऐतिहासिक संस्कृति और विरासत को संजोए इस महोत्सव में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और शहर की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के सामने लाने के उद्देश्य से मनपा की ओर से महोत्सव को विशेष स्वरूप दिया जा रहा है। महोत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हस्तियों को आमंत्रित करने की योजना है। इसके अलावा नागरिकों में महोत्सव को लेकर उत्साह बढ़ाने के लिए “ईडा पीडा घेऊन जा गे मारबत” बोधवाक्य से संबंधित लोगो, स्मृति चिह्न और उपहार वस्तुएं वितरित करने की भी योजना है। इसके साथ ही एक विशेष थीम तय कर उसके आधार पर मारबत और बड़ग्या के घोष तैयार किए जाने की जानकारी भी शिवानी दाणी वखरे ने दी।
शोभायात्रा मार्ग के गड्ढे और बिजली के तार हटाने के निर्देश:
मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने कहा कि महोत्सव की संपूर्ण तैयारियां विशेष समन्वय समिति के माध्यम से की जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मिरवणूक मार्ग का निरीक्षण कर वहां मौजूद गड्ढे, बिजली के तार और अन्य संभावित बाधाओं को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। मनपा प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, स्वागत व्यवस्था और मिरवणूक मार्ग की सुविधाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया गया। महोत्सव को व्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय से काम करने का निर्णय बैठक में लिया गया।





