– हाईवे पर सिटी लैंड के पास हुआ हादसा
अमरावती :- नागपुर हाईवे पर नांदगावपेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी लैंड परिसर के पास शुक्रवार, 2 जनवरी को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर एक दोपहिया चालक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। मृतक की पहचान मंगेश शरद केदारे (35), निवासी दापोरी, तहसील मोर्शी, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगेश दोपहिया वाहन से सिटी लैंड परिसर के पास से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों की मदद से घायल को उपचार के लिए इरविन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ।सूचना मिलते ही नांदगावपेठ थाने के प्रभारी निरीक्षक पीआई दिनेश दाहतोंडे ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ हिट-एंड-रन का अपराध दर्ज कर लिया है। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।








