– बस-ऑटो की टक्कर में पांच मृत
वरुड (अमरावती) :- वरुड़-राजुराबाजार मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 10:45 बजे भीषण हादसा हुआ। वरुड़ से वर्धा जा रही इलेक्ट्रिक शिवाई बस ने सामने से आ रहे ऑटो रिक्शा को रौंद दिया। इस हादसे में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्रा सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, ऑटो (क्रमांक एमएच-27-एआर-1823) में सात यात्री सवार थे, जो वाडेगांव से वरुड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही शिवाई बस (क्रमांक एमएच-49-बीजेड- 9436) और ऑटो में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ने ऑटो को 300 मीटर तक घसीटा, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए। बाद में नागपुर ले जाते समय एक अन्य ने दम दोड़ दिया। मृतकों में माही मांगुलकर (13), कैलाश नागदेवे (42), चिंतामन नागदेवे (60) सभी निवासी वाडेगांव, हरिभाऊ शिंदे (83, वघाल) और राजकुमार भलावी (55, गव्हाणकुंड) शामिल हैं। घायलों में मोहिनी भोरे (18, राजुराबाजार) और प्रतिभा लाड (40, वडाला, तहसील वरुड़) शामिल हैं। एक महिला का उपचार अमरावती में चल रहा है, जबकि दूसरी महिला को नागपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बस चालक को किया गिरफ्तार
दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि काफी दूर तक मृतकों के शरीर से टूटे अंग बिखरे पड़े पाए गए। पुलिस ने बस चालक निखिल वरठी (25, तलेगांव श्यामजीपंत, जिला वर्धा) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पर उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खांडेकर, थाना प्रभारी अर्जुन ठोसरे और फॉरेंसिक टीम ने पंचनामा किया। घटना की सूचना मिलने पर एसटी महामंडल के प्रादेशिक प्रबंधक रोहन पलंगे, विभागीय नियंत्रक नीलेश बेलसरे, डिपो प्रबंधक आकाश तागड़े आदि घटनास्थल पर पहुंचे।




