एचएसआरपी की डेडलाइन खत्म, वाहन मालिकों में दुविधा

0
52

– बिना प्लेट के लाखों वाहन सड़कों पर, शुरू नहीं हुई कार्रवाई

नागपुर :- महाराष्ट्र में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर थी, लेकिन अभी तक परिवहन विभाग की ओर से कोई सख्त कार्रवाई शुरू नहीं हुई है। इससे वाहन मालिकों में दुविधा और संभ्रम की स्थिति बनी हुई है। नागपुर शहर में अब तक 2 लाख वाहन इससे अछूते नजर आ रहे हैं। बावजूद इसके तिथि बढ़ने को लेकर कोई दिशा-निर्देश नहीं आए हैं। एचएसआरपी लगाने की प्रक्रिया जनवरी 2025 से शुरू हुई थी। डेडलाइन को कई बार बढ़ाया गया। मार्च से अप्रैल, फिर जून, अगस्त, नवंबर और अंत में 31 दिसंबर तक। परिवहन आयुक्त ने स्पष्ट किया था कि यह अंतिम विस्तार है और 1 जनवरी 2026 से सख्त कार्रवाई होगी। इसमें 1000 रुपए तक का जुर्माना और वाहन जब्ती की संभावना है। हालांकि नए साल की शुरुआत में अब तक कोई बड़े पैमाने पर चालान या कार्रवाई की खबर नहीं आई है। विभाग के सूत्रों का कहना है कि जिन वाहन मालिकों ने डेडलाइन से पहले ऑनलाइन बुकिंग कर ली है, उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना चाहिए और नंबर प्लेट लगवाने पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। बिना बुकिंग वाले वाहनों पर जल्द ही एक्शन हो सकता है।

फिटमेंट सेंटरों पर लंबी वेटिंग

वाहन मालिकों का कहना है कि बार-बार डेडलाइन बढ़ने से लोग गंभीर नहीं हुए। पुणे, मुंबई और नागपुर जैसे शहरों में फिटमेंट सेंटरों पर लंबी वेटिंग है, जबकि कुछ जगहों पर प्लेट की उपलब्धता कम है। जानकारों का मानना है कि एचएसआरपी वाहन चोरी, नकली प्लेट और अपराधों को रोकने में मदद करती है। इसमें लेजर कोडेड यूनिक आईडी, क्रोमियम होलोग्राम और नॉन-रिमूवेबल स्नैप लॉक जैसे फीचर्स हैं, जो प्लेट को टैंपर-प्रूफ बनाते हैं। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना एचएसआरपी वाले वाहनों पर आरसी ट्रांसफर, इंश्योरेंस जैसी सेवाएं भी रोक दी जाएंगी। यह संभ्रम न केवल वाहन मालिकों को परेशान कर रहा है, बल्कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भी असर डाल रहा है।