– जेल के भीतर की गोपनीय सूचनाएं पेन ड्राइव में, अमरावती जेल की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में
अमरावती :- बीते वर्ष अंडा सेल में कैदियों के पास मोबाइल फोन मिलने की घटना के बाद चर्चा में आई अमरावती सेंट्रल जेल एक बार फिर गंभीर सुरक्षा चूक के कारण सुर्खियों में है। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक कैदी, छुट्टी पर जेल से बाहर जाते समय कारागार के मंडल विभाग की खुफिया जानकारी और जेल के भीतर के कई सीसीटीवी फुटेज एक पेन ड्राइव में लेकर जा रहा था। मेन गेट पर तलाशी के दौरान यह सनसनीखेज मामला सामने आया। यह घटना 13 दिसंबर 2025 की है। जेल प्रशासन की शिकायत पर शुक्रवार को फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में आरोपी कैदी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान सागर उर्फ मुकेश विठ्ठल बारब्दे, निवासी वरूर जलका, तहसील अकोट, जिला अकोला के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता शिपाई योगेश हरीनारायण जानोरकर हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपी पर अकोला जिले के दहीहांडा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज था। बीते माह आरोपी को 30 दिन की छुट्टी स्वीकृत की गई थी। 13 दिसंबर को जब आरोपी को उसके सामान के साथ मेन गेट पर छोड़ा जा रहा था, तब नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक पेन ड्राइव बरामद हुई। इसकी तत्काल जानकारी कारागार अधीक्षक कीर्ति चिंतामणि को दी गई। इसके बाद जेल प्रशासन ने प्रारंभिक जांच शुरू की, जिसमें आरोपी कैदी को दोषी पाया गया। फेजरपुरा थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।




