spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

औद्योगिक विकास से बनेगी समृद्ध अर्थव्यवस्था– मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

– जिला खनिज प्रतिष्ठान की ओर से कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण

– चंद्रपुर और गढ़चिरोली होंगे इंडस्ट्रियल मैग्नेट जिले

चंद्रपुर :- चंद्रपुर जिले में खनिज विकास निधि से अनेक बड़े उपक्रम चलाए जा रहे हैं। इसमें टाटा ट्रस्ट के माध्यम से कैंसर अस्पताल, कौशल आधारित रोजगार, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं का विकास, शिक्षा और नवोन्मेषी परियोजनाओं का समावेश है। विशेष बात यह है कि चंद्रपुर और गढ़चिरोली जिले इंडस्ट्रियल मैग्नेट के रूप में विकसित हो रहे हैं और औद्योगिक विकास से ही समृद्ध अर्थव्यवस्था का निर्माण होगा, यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही।

मूल (जिला चंद्रपुर) के विश्रामगृह में जिला खनिज प्रतिष्ठान की ओर से तैयार किए गए कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण करते समय मुख्यमंत्री फडणवीस बोल रहे थे। इस अवसर पर आदिवासी विकास मंत्री तथा चंद्रपुर जिले के पालकमंत्री डॉ. अशोक उईके, विधायकगण सुधीर मुनगंटीवार, किशोर जोरगेवार, देवराव भोंगळे, जिलाधिकारी विनय गौड़ा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, अतिरिक्त जिलाधिकारी डॉ. नितीन व्यवहारे, जिला खनन अधिकारी रोहन ठवरे और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना है कि, जिस स्थान पर खनन कार्य होता है, वहां के नागरिकों को खनिज निधि का प्रत्यक्ष लाभ मिलना चाहिए। खनिज उत्खनन और परिवहन से स्थानीय नागरिकों को परेशानी होती है, इसलिए उन्हें ही अधिक से अधिक लाभ मिलना आवश्यक है।

चंद्रपुर जिले ने खनिज क्षेत्र में अनेक उत्तम उपक्रम किए हैं। विशेष रूप से खनिज विकास निधि से रोजगार सृजन, स्वास्थ्य, विकास, शिक्षा और कौशल आधारित नवोन्मेषी परियोजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं। चंद्रपुर और गढ़चिरोली क्षेत्र इंडस्ट्रियल मैग्नेट के रूप में तैयार हो रहा है, जिससे लगभग दीड़ लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विकास पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए होना चाहिए। चंद्रपुर को यह संदेश देना होगा कि औद्योगिकीकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी किया जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कौशल विकास और रोजगार पर ध्यान देकर 100 प्रतिशत स्थानीय नागरिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि 50 करोड़ वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया है, इसलिए इस बार भी चंद्रपुर को वृक्षारोपण का बड़ा लक्ष्य प्राप्त करना चाहिए। पूरे भारत में केवल महाराष्ट्र ने ग्रीन कवर बढ़ाया है और प्राकृतिक संपन्नता हासिल की है। अब पूरे महाराष्ट्र का वन क्षेत्र 33 प्रतिशत से अधिक करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चंद्रपुर जिला प्रशासन ने खनिज विकास निधि से उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

कार्यक्रम का सूत्रसंचालन अतिरिक्त जिलाधिकारी डॉ. नितीन व्यवहारे ने किया और आभार प्रदर्शन जिलाधिकारी विनय गौड़ा जी.सी. ने किया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.