spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

हिंगना में अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार

– 6 चोरी समेत वाहन चोरी का खुलासा

नागपुर :- हिंगना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी हिंगना के धनगरपुरा परिसर में किराए के कमरे में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पूछताछ में उसने छह घरफोड़ियों के साथ एक वाहन चोरी की वारदात में शामिल होने की कबूली दी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिरपुरगांव, जिला बुरहानपुर, मध्य प्रदेश निवासी राहुल राठौड़ (24) के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि राहुल मार्च 2026 से धनगरपुरा के देशमुखवाड़ी परिसर में फटिंग नामक व्यक्ति के घर में किराए से रह रहा था। इसी दौरान उसने नागपुर शहर के विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। हिंगना परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की जांच में कई वारदातों में एक ही संदिग्ध के शामिल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए इलाके में जाल बिछाया। इसी दौरान राहुल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में राहुल ने छह घरफोड़ियों और एक वाहन चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब 2.50 लाख रुपये का माल बरामद किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नागपुर शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी राहुल की भूमिका थी या नहीं। इसी जांच के दौरान धनगरपुरा रोड स्थित व्ही.ए. चानपुरकर देसी शराब दुकान में हुई चोरी का मामला भी सामने आया। पुलिस के अनुसार 25 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद 26 अगस्त की सुबह दुकान खोली गई तो दोनों मुख्य दरवाजों के कड़ी-कोंडे टूटे मिले। पीछे के दरवाजे को भी तोड़ा गया था। काउंटर में रखी 41,600 रुपये की नकदी गायब थी। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में 25 से 30 वर्ष की उम्र का एक युवक दिखाई दिया था। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अब गिरफ्तार राहुल से इस वारदात के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.