– किसानों की सहायता के लिए सरकार गंभीर : बावनकुले
नागपुर :- राज्य में सूखे जैसी स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रिमंडल की बैठक में सभी विभागों को तत्काल सर्वेक्षण कर आवश्यक उपाययोजना करने के निर्देश दिए हैं। राजस्व विभाग सहित पूरा प्रशासनिक तंत्र सक्रिय हो गया है और पंचनामा व सर्वेक्षण का काम शुरू कर दिया गया है। यह जानकारी राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण पूरा होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और नुकसान का पूरा आंकड़ा सामने आएगा। इसके आधार पर किसानों के लिए आवश्यक उपाय तय किए जाएंगे और केंद्र सरकार को भेजे जाने वाले प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जाएगा।
बावनकुले ने कहा कि किसानों को सहायता देने के मामले में सरकार जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहती। वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करने के बाद ही ऐसा निर्णय लिया जाएगा, जिससे प्रभावित किसानों को उचित मदद मिल सके।
उन्होंने बताया कि राज्य में सूखे की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए सभी जिलों के पालक मंत्रियों को प्रभावित क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वेक्षण और पंचनामे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार आगे की कार्यवाही तय करेगी।





