– एनटीए ने पुनर्परीक्षा का परिणाम किया घोषित
नागपुर :- मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित नीट यूजी-2026 की पुनर्परीक्षा का परिणाम गुरुवार देर रात राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने घोषित कर दिया। परिणाम में नागपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शहर के सागर कारिकर और सौम्य बडोले ने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) की टॉप-100 सूची में स्थान बनाकर नागपुर का गौरव बढ़ाया।
सागर कारिकर ने एआईआर-67 हासिल करते हुए सामान्य (जनरल) श्रेणी में महाराष्ट्र में छठा स्थान प्राप्त किया। वहीं, सौम्य बडोले ने एआईआर-77 के साथ अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग में देशभर में चौथा तथा महाराष्ट्र में तीसरा स्थान हासिल किया। गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक की आशंका के चलते रद्द कर दी गई थी। इसके बाद एनटीए ने 21 जून को पुनर्परीक्षा आयोजित की। नागपुर जिले में 29 परीक्षा केंद्रों के साथ कामठी स्थित एक केंद्रीय विद्यालय सहित कुल 30 केंद्रों पर 12,512 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।
इस वर्ष नागपुर के कई अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अमीर वरावाला ने एआईआर-119, ऋषिकेश नागमोथे ने एआईआर-201, श्रीनिधि देशपांडे ने एआईआर-221, आदित्य सोमानी ने एआईआर-254, सोनिश वैरागड़े ने एआईआर-488, तक्ष मोटवानी ने एआईआर-581, आर्यन ईदतकर ने एआईआर-643, अर्थव शुक्ला ने एआईआर-820 तथा सिद्धि वानखेड़े ने एआईआर-848 प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया। नीट यूजी-2026 के परिणाम ने एक बार फिर साबित किया है कि नागपुर के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहेहैं। मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में शहर की मजबूत उपस्थिति और छात्रों की मेहनत इस सफलता से स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।








