– एस्कॉर्ट दस्ते ने की कार्रवाई, 11 जुआरी गिरफ्तार
नागपुर :- शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के निर्देश पर एस्कॉर्ट दस्ते ने जरीपटका थाना क्षेत्र के मिसाल ले-आउट स्थित हुडको चौक में जुए के अड्डे पर छापा मारकर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹34,050 नकद, तीन मोबाइल फोन और जुए में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान, कुल ₹67,050 का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई की रात एस्कॉर्ट दस्ता गश्त पर था। इसी दौरान दस्ता प्रभारी भगवान कोळी को सूचना मिली कि हुडको चौक परिसर में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा और 11 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश दीपक झाड़ेवार (32), निरंजन चंदन गिरी (25), भारत मारोतराव गजभिये (68), श्याम उर्फ अजय महादेवराव गायकवाड़ (38), विनोद रामराव पंचांग (40), अंकुश वसंतराव शेंडे (35), शुभम रविंद्र मेश्राम (32), विशाल प्रकाश सहारे (40), शुभम लक्ष्मण साखरे (33), मोहम्मद रफीक सोलंकी (65) और विजय श्रीरंग खंडारे (68) के रूप में हुई है। जरीपटका पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जुए के अड्डे के संचालन और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।





