अहिल्यानगर :- अहिल्यानगर जिले के राहुरी तहसील में एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया और उसे नाशिक-सूरत रोड के पास रामशेज किला क्षेत्र के घने जंगल में पांच दिनों तक कैद रखा गया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने नाबालिग के साथ लगातार पांच दिन दुष्कर्म किया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया और उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. 13 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे नाबालिग लड़की ने घरवालों को बताया कि वह स्कूल जा रही है. लेकिन शाम तक वह घर नहीं लौटी. परिजनों ने राहुरी पुलिस थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गोपनीय सूत्रों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि लड़की नाशिक जिले में है.
18 फरवरी 2026 की देर रात पुलिस ने नाशिक-सूरत रोड के पास रामशेज किला क्षेत्र के जंगल में छापेमारी की और लड़की को आरोपियों के कब्जे से छुड़ा लिया. पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी और उसके दो साथी कौसर हैदर पठाण और आकाश शरद संसारे ने नाबालिग के साथ बार-बार यौन शोषण किया था. पीड़िता के बयान के आधार पर पोस्को एक्ट के साथ-साथ दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं को जोड़ा गया है. मामले की जांच जारी है।




