– मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
नई दिल्ली :- कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 8.45 बजे नाबालिग से दुष्कर्म की सूचना पीसीआर को मिली थी। अमर कॉलोनी थाना पुलिस आस्था कुंज पार्क पहुंची, जहां किशोरी अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिली। किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। इसके बाद दोनों गेट नंबर-7 से आस्था कुंज पार्क पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, पार्क में तीन युवक पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि उन्होंने किशोरी को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान स्थान पर ले गए। आसिफ ने हथियार और चाकू दिखाकर किशोरी से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दो साथियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया।
पुलिस पर तीन गोलियां चलाने का दावा
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, घटना के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गईं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी दौरान पुलिस को आसिफ के बारे में सुराग मिला।
मंगलवार रात स्पेशल स्टाफ की टीम ने अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास आरोपी को घेरने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आसिफ ने पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। इसके बाद पुलिसकर्मी ने जवाबी कार्रवाई में दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक आरोपी के दाहिने पैर में लगी। उसे तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
मेडिकल जांच और एफएसएल जांच:
पुलिस ने किशोरी का एम्स में मेडिकल परीक्षण कराया है। क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल की जांच कर सबूत जुटाए हैं। अमर कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें बीएनएस की धारा 70(2), 61(2), 115(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6/17 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दो अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी आसिफ से पूछताछ के साथ उसके दो कथित साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।





