– महिला का आरोप- रेप का खुलासा करने पर हत्या की धमकी दी
नई दिल्ली :- दिल्ली पुलिस ने इंडियन प्रीमियर लीग के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी के भाई और बिजनेसमैन समीर मोदी को गुरुवार शाम दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। समीर मोदी पर एक महिला ने साल 2019 से लगातार रेप, ब्लैकमेलिंग और धोखा देने का आरोप लगाया है।
महिला ने 10 सितंबर को दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद बिजनेसमैन के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया था। गुरुवार को यूरोप की बिजनेस ट्रिप से लौटने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। दिल्ली की एक अदालत ने समीर को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। इस बीच, समीर के वकील ने दावा किया कि बिजनेसमैन के खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं। एडवोकेट सिमरन सिंह ने एक बयान में कहा- एफआईआर झूठी और मनगढ़ंत फैक्ट्स पर आधारित है। समीर मोदी से पैसे ऐंठने के लिए केस दर्ज कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला का आरोप है कि बिजनेसमैन ने फैशन और लाइफस्टाइल इंडस्ट्री में करियर का मौका देने के बहाने 2019 में उससे संपर्क किया था। समीर ने दिसंबर 2019 में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित अपने आवास पर उसे बुलाया और जबरदस्ती की। महिला ने बताया कि बिजनेसमैन ने शादी का झूठा वादा करके उसके साथ कई बार रेप किया, मारपीट की और ब्लैकमेल किया। महिला जानती थी कि समीर मोदी पहले से ही शादीशुदा है। उसने दावा किया कि रेप का खुलासा करने पर उसे और उसके परिवार को हत्या की धमकी दी गई।
महिला ने आरोप लगाया कि समीर ने उसे डराने-धमकाने और झूठे आश्वासन देकर चुप कराने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया। समीर मोदी के वकीलों का दावा- महिला ने 50 करोड़ की मांग की थी दूसरी तरफ, समीर के वकीलों की तरफ से जारी बयान में दावा किया गया है कि महिला 2019 से समीर मोदी के साथ रिलेशनशिप में थी। दावे के मुताबिक, समीर मोदी ने 8 और 13 अगस्त को अलग-अलग पुलिस अधिकारियों के सामने महिला के खिलाफ जबरन वसूली और ब्लैकमेल करने की शिकायतें दर्ज कराई थीं।




