– नियम तोड़ने वाले पाकिस्तान पर आईसीसी लेगी एक्शन
नई दिल्ली :- एशिया कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का विवाद कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। अभी तक पीसीबी का ड्रामा जारी था। इसकी वजह से यूएई के खिलाफ मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। लेकिन अब आईसीसी एक्शन में है। यूएई के खिलाफ मुकाबले में पहले पाकिस्तान ने कुछ ऐसे काम कर दिए, जो नियमों के खिलाफ हैं। इसकी वजह से आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को ईमेल भेजा है। इसके साथ ही आईसीसी एक्शन लेने की भी तैयारी कर रही है। आईसीसी ने पीसीबी को मेल भेजकर खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के एरिया में नियमों का उल्लंघन करने पर नाराजगी जताई गई है। आईसीसी ने पीसीबी को लिखे ईमेल में बताया कि रिकॉर्डिंग करना एक गंभीर उल्लंघन है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पीसीबी मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट, पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा और कोच माइक हेसन के बीच पूरी बातचीत रिकॉर्ड करना चाहता था। जब उन्हें ऐसा करने से मना किया गया तो मैच से हटने की धमकी दी।
मैच को बचाने के लिए पीसीबी को ऐसा करने दिया। पीसीबी ने फिर सोशल मीडिया पर भी वीडियो शेयर कर दिया। पीसीबी ने दावा किया कि पायक्रॉफ्ट उस क्लिप में माफी मांग रहे थे जिसमें कोई ऑडियो नहीं है। आईसीसी सूत्रों का मानना है कि बिना आवाज के इसे शेयर करना भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश थी। आईसीसी इससे खुश नहीं है। आईसीसी के सीईओ संयोग गुप्ता ने पीसीबी को मेल भेजा है।




