साकोली :- तहसील के उमरझरी क्षेत्र में पिछले एक महीने से बाघिन का आतंक जारी है. इसी बीच अब तेंदुए के हमले में एक 5 वर्षीय बच्ची की मौत होने की दर्दनाक घटना सामने आई है. विर्शी गांव के पास बुधवार तड़के हुए इस हादसे से पूरे परिसर में भय का माहौल फैल गया है. बताया जा रहा है कि बाघिन को पकड़ने के लिए रखे गए शिकार पर हमला करने वाला तेंदुआ ही इस घटना के पीछे हो सकता है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सुहेला निवासी काशीनाथ मिरी अपने परिवार के साथ विर्शी गांव के पास खेत में ईंट भट्ठे के काम के लिए आए हुए थे. परिवार खेत में ही अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहा था. बुधवार तड़के उनकी 5 वर्षीय बेटी अंशिका पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. हमले के बाद उसे घसीटते हुए ले गया और मार डाला. इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है.








