– 4 से 8 दिसंबर तक चलेगी विशेष ट्रेन सेवा
नागपुर :- डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मुंबई जाने वाले अनुयायियों की सुविधा को देखते हुए मध्य रेल ने 4 से 8 दिसंबर तक 15 अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों से नागपुर और आसपास के क्षेत्रों से मुंबई जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
4 दिसंबर को ट्रेन क्रमांक 01260 नागपुर-सीएसएमटी विशेष ट्रेन नागपुर से शाम 6.10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.55 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। ट्रेन क्रमांक 01262 नागपुर-सीएसएमटी विशेष ट्रेन रात 11.55 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4.15 बजे पहुंचेगी। 5 दिसंबर को ट्रेन क्रमांक 01264 नागपुर-सीएसएमटी विशेष ट्रेन सुबह 7.40 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11.55 बजे पहुंचेगी। ट्रेन क्रमांक 01266 नागपुर से शाम 6.10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.55 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। 7 दिसंबर को ट्रेन क्रमांक 01251 सीएसएमटी से रात 10.30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12.55 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसी दिन ट्रेन क्रमांक 01255 दोपहर 12.35 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 3 बजे नागपुर पहुंचेगी। 8 दिसंबर को ट्रेन क्रमांक 01257 सीएसएमटी से मध्यरात्रि 12.25 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 4.10 बजे नागपुर पहुंचेगी।
नागपुर और सीएसएमटी के बीच इन ट्रेनों का ठहराव अजनी, सेवाग्राम, वर्धा, पुलगांव, धामनगांव, बडनेरा, मूर्तिजापुर, अकोला, जलंब, नांदुरा, मलकापुर, भुसावल, जलगांव, चालीसगांव, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कसारा, कल्याण और दादर में रहेगा।
दादर से नागपुर के लिए 1 विशेष सेवा
7 दिसंबर को ट्रेन क्रमांक 01253 दादर-नागपुर विशेष ट्रेन दादर से रात 12.40 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 4.10 बजे नागपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव कल्याण, कसारा, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, चालीसगांव, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, नांदुरा, जलंब, अकोला, मूर्तिजापुर, बडनेरा, धामनगांव, पुलगांव, वर्धा, सेवाग्राम और अजनी में रहेगा।
विशेष ट्रेनों में कुल 18 आईसीएफ कोच रहेंगे। इनमें 16 शयनयान श्रेणी, सामान्य द्वितीय श्रेणी और चेयर कार के कोच तथा 2 द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन शामिल रहेंगे। अनारक्षित डिब्बों के लिए सामान्य किराये पर यूटीएस के माध्यम से टिकट बुक किए जा सकेंगे। ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की जानकारी के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जा सकते हैं अथवा NTES ऐप का उपयोग कर सकते हैं।






