– कामठी-कोलार बैराज से 50 साल की चिंता होगी दूर!
– बैराज निर्माण पर 800 करोड़ और पेरी-अर्बन क्षेत्रों में जल वितरण पर 400 करोड़ होंगे खर्च
नागपुर :- नागपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में भविष्य की जल किल्लत को रोकने के लिए राज्य सरकार ने दीर्घकालीन जल प्रबंधन की योजना तैयार की है। कामठी-कोलार बैराज के निर्माण और पेरी-अर्बन (शहर से सटे ग्रामीण एवं अर्धशहरी) क्षेत्रों में जल वितरण व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 1,400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कन्हान नदी पर बैराज बनने से अगले 50 वर्षों तक नागपुर शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। आगामी शीतकालीन अधिवेशन में इस योजना को अंतिम स्वरूप दिए जाने का दावा राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किया। वे नागपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बावनकुले के अनुसार, कामठी-कोलार बैराज के निर्माण पर लगभग 800 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जबकि पेरी-अर्बन क्षेत्रों में जल वितरण व्यवस्था के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नागपुर और अमरावती जिलों में लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
5 हजार जलतारे और 3 हजार रिचार्ज शाफ्ट बनेंगे
बावनकुले ने बताया कि सिंचाई के लिए बड़े पैमाने पर बोरवेल खोदे जाने के बावजूद भूजल के पुनर्भरण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए 5 हजार से अधिक जलतारे और 3 हजार रिचार्ज शाफ्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा गांवों के तालाबों, पाझर तालाबों और अन्य जलस्रोतों का गहरीकरण किया जाएगा, ताकि बारिश का पानी जमीन में समा सके। अगले पांच वर्षों में भूजल स्तर बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है।
बोरवेल और टैंकर के दामों पर रहेगी निगरानी
सूखे की स्थिति में बोरवेल खुदाई और पानी के टैंकरों के लिए नागरिकों से मनमाना शुल्क वसूले जाने की शिकायतों पर भी बावनकुले ने चिंता जताई। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर तक बोरवेल खुदाई पर लगी पाबंदी हटाई गई है, लेकिन कुछ बोरवेल संचालक 70 हजार रुपये के काम के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये तक मांग रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि बोरवेल खुदाई की दर 70 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही टैंकर संचालकों की वसूली पर भी निगरानी रखने को कहा गया है। माइक्रो फाइनेंस के नाम पर अवैध साहूकारी करने वालों के खिलाफ भी सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।
किसानों की जमीन सरकार के प्रबंधन में लेने का सवाल नहीं
किसानों की जमीन सरकार के प्रबंधन में लेने संबंधी चर्चाओं को खारिज करते हुए बावनकुले ने स्पष्ट किया कि स्वयं खेती करने वाले मूल किसानों की जमीन पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि 50 से 100 एकड़ या इससे अधिक जमीन खरीदकर फार्महाउस बनाने और जमीन को बंजर छोड़ने वाले बड़े भू-स्वामियों को अगले तीन से पांच वर्षों में कृषि उत्पादन शुरू करना चाहिए। 1948 के कुल कानून (किरायेदारी कानून) की धाराओं का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया है। सरकार का उद्देश्य किसानों की जमीन अपने नियंत्रण में लेना नहीं है।






