spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

बोगस डॉक्टरों पर मनपा का शिकंजा

– महापौर नीता ठाकरे के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल सक्रिय

नागपुर :- शहर में संदिग्ध बोगस डॉक्टरों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए नागपुर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष छापेमारी दल सक्रिय किए गए हैं। नागरिकों को अधिकृत एवं सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अनधिकृत चिकित्सा व्यवसाय पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

मनपा की सर्वसाधारण सभा में महापौर नीता ठाकरे की उपस्थिति में दिये गये निर्देशों के अनुसार बोगस डॉक्टरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी कार्यालय, नागपुर की मार्गदर्शक सूचना के तहत मनपा स्तरीय समिति गठित की गई है। इस समिति में जोनल चिकित्सा अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक, औषध निर्माण अधिकारी, पुलिस निरीक्षक अथवा पुलिस दल तथा अन्न एवं औषधि प्रशासन विभाग के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त के मार्गदर्शन में बोगस डॉक्टरों की तलाश के लिए विशेष छापेमारी दल नियुक्त किये गये हैं। इन दलों में संबंधित जोन के जोनल चिकित्सा अधिकारी तथा नागरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) के चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं। इन दलों द्वारा जोनवार संदिग्ध बोगस डॉक्टरों के अस्पतालों की जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शासन के नियमानुसार, शासनमान्य चिकित्सा विज्ञान की डिग्री या डिप्लोमा नहीं रखने वाली तथा संबंधित वैधानिक चिकित्सा परिषद में पंजीकरण नहीं कराने वाली व्यक्ति द्वारा चिकित्सा व्यवसाय किए जाने पर उसे बोगस अथवा अनधिकृत डॉक्टर माना जाएगा। इसके अलावा शासनमान्य चिकित्सा पद्धतियों के अलावा बिना मान्यता वाली उपचार पद्धतियों का चिकित्सा व्यवसाय में उपयोग करने वालों की भी जांच की जाएगी।

वैधानिक चिकित्सा परिषद में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

महाराष्ट्र में चिकित्सा व्यवसाय करने के लिए संबंधित वैधानिक चिकित्सा परिषद में पंजीकरण अनिवार्य है। इसमें महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (एलोपैथी), महाराष्ट्र समचिकित्सा परिषद (होम्योपैथी), महाराष्ट्र चिकित्सा परिषद (आयुर्वेद एवं यूनानी) तथा महाराष्ट्र दंत वैद्य परिषद (डेंटल) में संबंधित चिकित्सा व्यवसायियों का पंजीकरण होना आवश्यक है। इस संबंध में सभी जोनल चिकित्सा अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में संदिग्ध बोगस डॉक्टरों की तलाश करने तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जोनवार विशेष दलों द्वारा नियमित जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मनपा ने नागरिकों से बोगस डॉक्टरों के संबंध में शिकायत राज्य स्तरीय शिकायत निवारण कक्ष के 104 नंबर अथवा जिलाधिकारी कार्यालय, नागपुर के चैटबोट नंबर 8669494944 पर दर्ज कराने की अपील की है। नागरिकों में जागरूकता के लिए इस संबंध में जानकारी मनपा के नागरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के परिसर में प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नागरिकों से सहयोग की अपील

महापौर ठाकरे ने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय की मार्गदर्शक सूचनाओं के अनुसार जोनवार संदिग्ध बोगस डॉक्टरों की तलाश कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने नागरिकों से भी ऐसे व्यक्तियों की जानकारी संबंधित प्रशासनिक विभाग को देकर सहयोग करने की अपील की।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.