अमरावती :- बडनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत माता पिता की गंभीर लापरवाही के कारण एक 5 दिन की नवजात बच्ची की दम घुटने से मौत होने का झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में बच्ची के माता-पिता के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार बडनेरा के सावता मैदान निवासी आरोपी और उनकी पत्नी के घर में बच्ची का जन्म हुआ था. जन्मजात रूप से कमजोर होने के बावजूद, माता-पिता ने बच्ची की देखभाल में भारी लापरवाही बरती. आरोप है कि चिलचिलाती धूप में नवजात बच्ची को लगातार बाहर खुले में सुलाया जा रहा था. जब बच्ची रोती थी, तो स्थानीय लोगों के टोकने के बावजूद माता-पिता ने उसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया. उन्होंने बच्ची को लगातार एक साड़ी के कपड़े से बने पालने में बंद करके रखा और उसकी उचित देखभाल, खान-पान व परवरिश पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया. लगातार धूप में कपड़े के पालने में बंद रखे जाने के कारण बच्ची का दम घुट गया और उसकी मौत हो गई.



