– 3 नाबालिग अरेस्ट
अमरावती :- नंदगांव पेठ थाना क्षेत्र के बिजीलैंड स्थित एसबीआई बैंक के सामने दिनदहाड़े एक कंपनी के मैनेजर से हुई लूटपाट के मामले में अपराध शाखा ने मुंबई से 3 नाबालिग को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद आरोपी मुंबई भाग गए थे. पुलिस ने घटनास्थल के कुल 40 सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुंबई के 15 से अधिक होटल व लॉज में तलाशी लेने के बाद तीनों नाबालिगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से वाहन व नकद सहित कुल 2 लाख 49 हजार रुपए का माल जब्त किया. पुलिस सूत्रों के अनुसार डीके ट्रैवलिंग कंपनी में अक्षय रवींद्र मोरे (29, बारीपुरा, नांदगांव पेठ) मैनेजर के रूप में काम करते हैं. मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे वे कंपनी की नकदी लेकर बिजीलैंड स्थित एसबीआई बैंक में जमा करने पहुंचे थे. जैसे ही उन्होंने अपनी गाड़ी पार्क की और बैंक के भीतर जाने लगे, तभी पीछे से दो अज्ञात
व्यक्ति आए और उनकी गाड़ी को जोर से हिलाया. अक्षय ने उन्हें टोका, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथापाई शुरू की. इसी बीच एक आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर अक्षय पर हमला कर दिया और उन्हें नीचे गिराकर मामूली रूप से घायल किया. इसके बाद आरोपी उनके हाथ से पैसों से भरा बैग जबरन छीनकर अपने एक अन्य साथी के साथ मोपेड पर सवार होकर फरार हो गए. जिसकी शिकायत नांदगांवपेठ थाने में की गई थी. आरोपियों का पीछा करते हुए क्राइम ब्रांच और नांदगांव पेठ पुलिस की संयुक्त टीम तुरंत मुंबई रवाना हुई. मुंबई के सीएसटी रेलवे स्टेशन परिसर के करीब 15 से 20 होटल और लॉज की सघन तलाशी लेने के बाद तीनों नाबालिगों को एक होटल से हिरासत में ले लिया गया और उन्हें अमरावती लाया गया.