spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

‘मौत से नहीं डरती, दिसंबर में बांग्लादेश लौटूंगी’: हसीना

– बोलीं- जनता चाहेगी तो फिर संभालूंगी प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी

ढाका :- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर 2026 में स्वदेश लौटने का ऐलान कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने कहा है कि उन्हें गिरफ्तारी, जेल या मौत की सजा का कोई भय नहीं है। यदि बांग्लादेश की जनता उन्हें फिर से देश की जिम्मेदारी सौंपना चाहती है तो वह प्रधानमंत्री पद संभालने के लिए तैयार हैं।

हसीना ने कहा कि बांग्लादेश से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और मौजूदा परिस्थितियों में भी वह स्वदेश लौटने के अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने वर्ष 1981 और 2007 का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी राजनीतिक और कानूनी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने देश लौटने का निर्णय लिया था। इस बार भी वह किसी तरह के भय से अपना इरादा नहीं बदलेंगी।

मौत की सजा के फैसले को बताया अनुचित

वर्ष 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और मौतों से जुड़े मामले में बांग्लादेश के न्यायाधिकरण ने शेख हसीना को मृत्युदंड सुनाया है। हालांकि, हसीना ने इस फैसले को स्वीकार करने से इनकार किया है। उनका दावा है कि उन्होंने किसी निर्दोष की हत्या का आदेश नहीं दिया और मुकदमे की सुनवाई के दौरान उन्हें अपना पक्ष रखने का निष्पक्ष अवसर भी नहीं मिला। उन्होंने इस फैसले को चुनौती देने के लिए कानूनी विकल्प अपनाने की बात कही है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के विरोध में शुरू हुआ छात्र आंदोलन बाद में तत्कालीन सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन में बदल गया था। इस दौरान जुलाई और अगस्त में हुई हिंसा में संयुक्त राष्ट्र के आकलन के अनुसार करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। इसी घटनाक्रम के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था।

चीन के साथ रक्षा सौदे पर भी उठाए सवाल

चीन से लड़ाकू विमान खरीदने की संभावित योजना पर प्रतिक्रिया देते हुए हसीना ने कहा कि बांग्लादेश को अपनी सैन्य क्षमता आधुनिक बनाने का अधिकार है, लेकिन किसी भी बड़े रक्षा सौदे से पहले उसकी आर्थिक उपयोगिता, जरूरत और पारदर्शिता पर विचार करना आवश्यक है।

उन्होंने भारत को बांग्लादेश का महत्वपूर्ण पड़ोसी और चीन को रक्षा एवं विकास क्षेत्र का प्रमुख साझेदार बताया। साथ ही कहा कि बांग्लादेश की विदेश नीति संतुलित होनी चाहिए और उसे वैश्विक शक्तियों के बीच प्रतिस्पर्धा का केंद्र बनने से बचना चाहिए। शेख हसीना के दिसंबर में स्वदेश लौटने के ऐलान और दोबारा राजनीतिक भूमिका निभाने की इच्छा से बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, उनकी वापसी और भविष्य की राजनीतिक भूमिका वहां के मौजूदा राजनीतिक एवं कानूनी हालात पर निर्भर करेगी।

Popular Articles