– विवाह का आश्वासन देकर संबंध बनाने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
रामटेक/नागपुर :- महाराष्ट्र के कामगार मंत्री तथा रामटेक के विधायक आशीष जायसवाल के अंगरक्षक के रूप में कार्यरत बताए जा रहे पुलिसकर्मी अजय सदाशिव सलामे (38) के खिलाफ गंभीर आरोपों में रामटेक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अजय सलामे और स्वाती वाहने के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अजय सलामे पर विवाह का आश्वासन देकर एक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में अजय ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। इस दौरान उसकी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। वहीं, स्वाती वाहने पर शिकायतकर्ता और उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामले में शिकायतकर्ता महिला और अजय सलामे की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार से मुलाकात कर अपनी शिकायतें और घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों रामटेक के उप विभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय भी पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की। अजय सलामे की पत्नी ने अधिकारियों के समक्ष आरोप लगाया कि पति के पुलिसकर्मी होने और उसके पास शासकीय हथियार होने का भय दिखाकर दबाव बनाया जाता था।
पूर्व सांसद के अंगरक्षक भी रह चुके हैं
अजय सलामे वर्तमान में मंत्री आशीष जायसवाल के अंगरक्षक के रूप में कार्यरत बताए जा रहे हैं। इससे पहले वे पूर्व सांसद कृपाल तुमाने के अंगरक्षक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के ने बताया कि अजय सलामे नागपुर जिले में कार्यरत पुलिसकर्मी हैं और उनके खिलाफ रामटेक पुलिस थाने में गंभीर स्वरूप का मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण दर्ज होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। रामटेक पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों, कथित धमकियों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








