विधायक दटके और मनपा आयुक्त डॉ. इटनकर ने मार्ग का किया निरीक्षण

0
58

– श्रद्धालुओं के लिए जुलूस का मार्ग साफ रखें

 नागपुर :- शहर से निकलने वाली विभिन्न शोभायात्राओं के मार्ग को सुगम और स्वच्छ बनाए रखने, मार्ग पर मौजूद अवरोधों और सामग्री को तुरंत हटाने और मार्ग को साफ करने के निर्देश विधायक प्रवीण दटके और मनपाआयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने शुक्रवार को जूना भंडारा रोड पर संयुक्त निरीक्षण के दौरान दिए.

निरीक्षण के दौरान पार्षद एड. संजय बालपांडे, मुख्य अभियंता मनोज तालेवार, उपायुक्त राजेश भगत, चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर, कार्यकारी अभियंता रवींद्र बुंधाडे और राजेंद्र राठौड, गिरीश इखार, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले, पोद्दारेश्वर राम मंदिर समिति केपुनीत पोद्दार, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.

नागपुर शहर में संत झूलेलाल जयंती, श्री राम नवमी, हनुमान जयंती, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर जयंती और परमात्मा एक सेवक जयंती के अवसर पर मध्य नागपुर में विभिन्न शोभायात्राएं निकाली जाएंगी. इसी संदर्भ में, विधायक प्रवीण दटके ने नगर निगम द्वारा विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने और आवश्यक कार्यों को तत्काल पूरा करने के संबंध में आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर को ज्ञापन सौंपा था. इसके अनुसार, विधायक प्रवीण दटके और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने शुक्रवार को शोभायात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया.

इस अवसर पर मनपा आयुक्त ने अधिकारियों को जुलूस मार्ग पर सभी सडक़ों और गड्ढों की मरम्मत करने, साथ ही चबूतरों की सफाई करने, पेड़ों की शाखाओं को छांटने, सभी बिजली के खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करने और मार्ग के बीच में पड़े बिजली के तारों को हटाने का निर्देश दिया. इसके अलावा, जुलूस के दौरान सडक़ों और चौकों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ पीने के पानी की व्यवस्था, आपात स्थिति के लिए अग्निशमन वाहनों और एम्बुलेंस की तत्परता और यातायात जाम से बचने के लिए अतिरिक्त यातायात पुलिस और सुरक्षा गार्ड तैनात करने का भी निर्देश मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने दिया.