– यशोधरानगर पुलिस ने किया दंपति को गिरफ्तार
नागपुर :- यशोधरानगर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संघर्ष नगर इलाके में स्थित उनके घर पर छापा मारकर करीब 7.062 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 76 हजार 525 रुपये आंकी गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसे वर्धा भेजे जाने की तैयारी थी।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि संघर्ष नगर स्थित शहीद मेडिकल के पास एक मकान से गांजे का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उक्त घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की बोरी में रखा 7.062 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने मोहम्मद सरफराज अख्तर सत्तार अंसारी (39) और उसकी पत्नी गोसिया परवीन सरफराज अंसारी (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजे का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहे थे। पूछताछ में गांजे की खेप ओडिशा से लाए जाने और वर्धा भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ओडिशा से नागपुर तक नशे की खेप पहुंचाने और आगे सप्लाई करने में किसकी भूमिका थी। मामले की जांच यशोधरा नगर पुलिस कर रही है।





