– बुलावे पर भी नहीं आने से चाकू से हमला
नागपूर :- शहर के जरीपटका थाना क्षेत्र में मोहर्रम के भोज में शामिल नहीं होने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कथित रूप से चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल समता नगर, कपिलनगर निवासी अभिषेक उर्फ मोंटी इंद्रजीत बोपचे (28) अपने मित्र पीयूष के साथ बैठकर बीयर पी रहा था। इसी दौरान आरोपी टॉवर लाइन के पास, गली नंबर 16, कपिलनगर निवासी गौरव विट्ठल सावरकर (23) वहां पहुंचा। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 29 जून को अपने घर आयोजित मोहर्रम के भोज में नहीं आने की बात को लेकर अभिषेक से विवाद किया। आरोप है कि पहले उसने गाली-गलौज की और फिर झगड़े के दौरान अपने पास रखा चाकू निकालकर अभिषेक के पेट, सीने, कंधे और पीठ पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सीय उपचार के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना जरीपटका थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाहू आटा चक्की से विटभट्टी जाने वाले मार्ग पर श्रीकृष्ण ले-आउट स्थित एक प्रीकास्ट परिसर के पास हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।








