नवरात्र में नागपुर पुलिस की पहल, ‘दुर्गा मार्शल’ अभियान शुरू

0
55

नागपुर :- नवरात्र उत्सव में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए नागपुर पुलिस ने ‘दुर्गा मार्शल’ अभियान की शुरुआत की है। पुलिस आयुक्त रविन्द्रकुमार सिंगल के मार्गदर्शन और डीसीपी रश्मिता राव की संकल्पना से शुरू इस पहल के तहत महिला पुलिसकर्मी मोपेड पर प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक गश्त करेंगी। दुर्गा मार्शल की प्रत्येक टीम में दो महिला पुलिसकर्मी होंगी, जो गरबा–डांडिया स्थलों, मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। यह कदम महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के साथ ही समाज में विश्वास और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देगा। नवरात्र उत्सव में बड़े पैमाने पर भीड़भाड़ और देर रात तक चलने वाले धार्मिक–सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच महिलाओं की सुरक्षा हमेशा से चिंता का विषय रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए नागपुर पुलिस ने इस बार खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने का निर्णय लिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और आपात स्थिति में उन्हें तुरंत सहायता पहुंचाना है।