spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नई बहू को गला घोंटकर मार डाला

– हत्या को बताया हार्ट अटैक, पति और जेठ गिरफ्तार

नागपुर :- दहेज के लालच में एक लोभी परिवार ने बहू को हैवानों की तरह यातनाएं दीं. इतना ही नहीं, गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. परिजनों को उसकी हार्ट अटैक से मौत होने की झूठी जानकारी दी. शव को अमरावती में दफनाया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने के कारण मृत्यु होने की जानकारी सामने आई. तहसील पुलिस से शिकायत की गई और हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति और जेठ को गिरफ्तार कर लिया. मृतका फाजिला जबीन मोहम्मद जुबैर शेख (19) बताई गई. पकड़े गए आरोपियों में बोरियापुरा, मोमिनपुरा निवासी मोहम्मद जुबैर मोहम्मद जलील शेख (31) और इरफान मोहम्मद जलील शेख (34) का समावेश है. जुबैर के पिता मोहम्मद जलील उर्फ सोनू पटेल को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है. अमरावती निवासी फाजिला की शादी इसी वर्ष 25 जनवरी को धार्मिक रिवाज से शेख जुबैर के साथ हुई थी.

फाजिला के भाई मोहम्मद आवेश ने पुलिस को बताया कि शादी के एक माह तक सबकुछ सामान्य था लेकिन इसके बाद अचानक जुबैर, इरफान और जलील ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया. लगातार उसे यातनाएं दी जा रही थीं. उसे मायके से दहेज लाने के लिए परेशान किया जा रहा था. इसी दौरान जुबैर के बड़े भाई इरफान की पत्नी गर्भवती हो गई. यह फाजीला को गलत इरादे से देखने लगा, फाजिला ने यह बात अपने भाई को बताई थी. वह लगातार शारीरिक प्रताड़ना की शिकायत कर रही थी. विगत 14 मई की रात फाजिला ने अपनी मां को कॉल किया, उन्हें बताया कि ससुराल वाले उसे मार रहे हैं. उसके साथ कुछ भी हो सकता है. जल्दी उसे लेने आ जाएं कहकर फोन काट दिया. 1 घंटा भी नहीं हुआ कि जुबैर ने आवेश को कॉल करके फाजिला की हार्ट अटैक से मौत होने की जानकारी दी.

अंत्येष्टि के बाद थाने में की शिकायत

तत्काल परिजन नागपुर के लिए रवाना हुए. आवेश ने अपनी बहन का शव ले जाने की मांग की लेकिन ससुराल वालों ने इनकार कर दिया. उन्हें कहा गया कि शव चाहिए तो अमरावती में अंतिम संस्कार करना होगा, मजबूरी में आवेश बहन का शव लेकर अमरावती गया, वहां उसे स्नान कराते समय गर्दन पर जख्मों के निशान दिखाई दिए. परिजनों ने अंत्येष्टि तो कर दी लेकिन संदेह के चलते अमरावती के नागपुरी गेट पुलिस थाने में शिकायत की, यहां आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम किया गया जिसमे दम घुटने के कारण मौत होने की बात सामने आई. परिजन तत्काल तहसील थाने पहुंचे. पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया, तत्काल जुबेर और इरफान को गिरफ्तार किया गया. न्यायालय ने दोनों को पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए है.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.