– अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी
कानपुर :- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को नई ‘कानपुर एक्सप्रेस’ की उद्घाटन विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच दोनों दिशाओं में चलेगी। इस नई रेल सेवा से कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इस मौके पर कानपुर नगर निगम की महापौर प्रमिला पांडेय, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे के मुताबिक, यह दैनिक रेल सेवा उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेगी।
428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी कानपुर एक्सप्रेस
नई कानपुर एक्सप्रेस 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसमें 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन रास्ते में कई महत्वपूर्ण शहरों और औद्योगिक केंद्रों को रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी। इससे फफूंद के यात्रियों को भी फायदा होगा। यह स्टेशन औरैया के औद्योगिक क्षेत्रों के साथ एनटीपीसी औरैया और गेल पाता जैसे प्रमुख प्रतिष्ठानों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा, कृषि के प्रमुख केंद्र इटावा और कांच उद्योग के लिए प्रसिद्ध फिरोजाबाद क्षेत्र को रेल संपर्क देने वाले टूंडला के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
ट्रेन हाथरस से भी गुजरेगी, जो हींग प्रसंस्करण, पीतल के बर्तनों और कृषि आधारित उद्योगों के लिए जाना जाता है। इसके अलावा ताला उद्योग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के लिए प्रसिद्ध अलीगढ़ तथा सिरेमिक और मिट्टी के बर्तनों के उद्योग वाले खुर्जा को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। यह ट्रेन महत्वपूर्ण लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक केंद्र दादरी तथा एनसीआर के प्रमुख औद्योगिक शहर गाजियाबाद को जोड़ते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
कानपुर और दिल्ली के बीच आवागमन होगा आसान
इस नई रेल सेवा से उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक, चमड़ा और शैक्षणिक केंद्र कानपुर का दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। आनंद विहार टर्मिनल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने वाला प्रमुख मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र है। इससे दोनों शहरों के बीच आने-जाने वाले कारोबारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मौके पर कानपुर के लोगों को नई ट्रेन सेवा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस सेवा की शुरुआत पर कानपुर की जनता को बधाई दी है।






