नागपुर :- महाराष्ट्र सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याणकारी एसोसिएशन, नागपुर की आमसभा रविवार, 15 नवंबर को धंतोली स्थित शंकरा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल में अध्यक्ष रमेश मेहता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस अवसर पर करीब 100 सदस्य उपस्थित रहे। आमसभा के बाद हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में ईसीजी, रक्तचाप और रक्तशर्करा सहित विभिन्न जांचें की गईं। अस्थिरोग एवं संधिरोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र रामलखन यादव, हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. अग्रवाल तथा जनरल सर्जन डॉ. इंगले ने बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य देखभाल, संतुलित आहार, नियमित जांच और बीमारियों के उपचार के संबंध में मार्गदर्शन किया। आयोजन में अध्यक्ष रमेश मेहता, कोषाध्यक्ष गुप्ता, सचिव सुरेश महाले, सहसचिव नागेश घोडकी, कार्यकारी सदस्य देवलकर, मोरेश्वर उपासे, आबाराव मेंढे और केवाराम हटवार उपस्थित रहे। हॉस्पिटल के लायजनिंग अधिकारी राजेश यादव सहित चिकित्सा टीम ने शिविर की सफलता में सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश महाले ने किया तथा नागेश घोडकी ने आभार माना।






