– टिहरी में बस नदी में गिरी, रुद्रप्रयाग में बारातियों की गाड़ी खाई में समाई
देहरादून :- उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। टिहरी जिले में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। दोनों दुर्घटनाओं में अब तक 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन दल की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास हुआ। मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने बस के अंदर से आठ शव बरामद किए। इस हादसे में तीन वर्षीय बच्ची सहित 19 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से कई को ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। घायलों में झारखंड के दुमका, बिहार के पटना और जहानाबाद, दिल्ली, असम तथा उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर और रुद्रप्रयाग सहित विभिन्न क्षेत्रों के यात्री शामिल हैं। घायलों की सूची में तीन वर्षीय आयरा और 26 वर्षीय नूरजहां का नाम भी शामिल है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है।
रुद्रप्रयाग में खाई में गिरी बारातियों की बोलेरो, 4 की मौत
दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां पोखरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रहा बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में घायल लोगों की पहचान उमेद सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56), लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) के रूप में हुई है।






