spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नीट लीक में अब तीसरी मनीषा गिरफ्तार

– सीबीआई का दावा, फिजिक्स पेपर किया लीक

दिल्ली/पुणे :- नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है. एजेंसी ने इस मामले में एक और अहम आरोपी मनीषा संजय हवालदार को गिरफ्तार किया है. सीबीआई का दावा है कि वही फिजिक्स के लीक हुए प्रश्नों का मुख्य स्रोत थी. मनीषा हवालदार महाराष्ट्र के पुणे स्थित सेठ हीरालाल सराफ स्कूल में कार्यरत है. जांच एजेंसी के अनुसार, उसे एनटीए ने नीट परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के रूप में नियुक्त किया था, जिसके चलते उसे फिजिक्स के प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच प्राप्त थी. सीबीआई के मुताबिक, अप्रैल 2026 के दौरान हवालदार ने नीट परीक्षा से जुड़े फिजिक्स के कई प्रश्न सह-आरोपी मनीषा मांढरे से साझा किए थे. मांढरे को सीबीआई पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. जांच में सामने आया है कि हवालदार द्वारा साझा किए गए कई प्रश्न बाद में नीट के विभिन्न पेपर सेटों में हूबहू पाए गए. इससे पेपर लीक की साजिश में उसकी भूमिका और अधिक गंभीर मानी जा रही है.

कई शहरों में छापेमारी

मामले की जांच के दौरान सीबीआई ने देशभर के कई शहरों में छापेमारी की. इस दौरान लैपटॉप, मोबाइल, बैंक स्टेटमेंट और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं. एजेंसी ने बताया कि जब्त सामग्री की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच जारी है. सीबीआई ने यह मामला 12 मई को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की लिखित शिकायत के बाद दर्ज किया था. एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद विशेष जांच टीमें गठित की गईं और देशभर में कई स्थानों पर छापे मारे गए. इसके बाद कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नाशिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. सीबीआई का दावा है कि जांच में अब प्रश्नपत्र लीक का असली स्रोत सामने आ चुका है.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.