नागपुर :- जलसंपदा विभाग के अधीक्षक अभियंता रवींद्र निलकंठराव वानखेडे को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार प्रतिबंधक विभाग (एसीबी) ने गुरुवार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता एक ठेकेदार है, जिसने करजखेड़ा (भंडारा) में 10 लाख रुपए तथा लखमापुर (नागपुर) में 15 लाख रुपए के सिंचाई विभाग के लिए कार्य किए थे। इन कार्यों के 25 लाख रुपए के बिल मंजूरी के लिए जलसंपदा विभाग में प्रस्तुत किए गए थे। आरोप है कि बिल पास करने के एवज में वानखेडे ने 2 प्रतिशत कमीशन मांगी थी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले की जांच की। आरोपी ने लंबित बिल मंजूर करने के लिए 50 हजार रुपए तथा भुराटोला (भंडारा) और खडकी मायनर (नागपुर) में नए 10 लाख रुपए के कार्यों के टेंडर मंजूर कराने के बदले अतिरिक्त 20 हजार रुपए कुल 70 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। एसीबी टीम ने अभियंता को उसके कार्यालय कक्ष में धरदबोचा। तलाशी में रिश्वत की रकम के अलावा और 36 हजार 630 रुपए नकद बरामद किए गए। धंतोली पुलिस थाना में मामला दर्ज कर अधीक्षक को गिरफ्तार किया गया है।