Tuesday, March 31, 2026
spot_imgspot_img
spot_img

नर्सिंग कॉलेज पर छात्रों से आर्थिक लूट का आरोप

– एआईएसएफ की चेतावनी : 5 दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन

नागपुर :- शहर के मेड-प्रो कॉलेज ऑफ नर्सिंग में छात्रों से अवैध रूप से अतिरिक्त शुल्क वसूलकर आर्थिक लूट किए जाने का गंभीर आरोप ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) ने लगाया है। छात्रों की शिकायत के आधार पर संगठन ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है और जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

एआईएसएफ को 25 मार्च को प्राप्त शिकायत के अनुसार, बीएससी नर्सिंग के छात्रों से 15 हजार रुपये तक अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है, जबकि हॉस्टल में न रहने वाले छात्रों से भी 5 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, इस शुल्क का विरोध करने वाले छात्रों के हॉल टिकट रोके जाने और उन्हें धमकाने के भी आरोप सामने आए हैं।

शिकायत में यह भी बताया गया है कि कॉलेज में शौचालय, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, अस्पताल संबंधी सुविधाएं, योग्य प्राध्यापक और हॉस्टल व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एआईएसएफ का आरोप है कि शासन की नीति के अनुसार छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा का लाभ मिलना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत उनसे आर्थिक वसूली की जा रही है।

एआईएसएफ ने मामले की जांच के बाद शिकायतों को सही बताते हुए इस पूरे प्रकरण को अवैध और निंदनीय करार दिया है। संगठन ने मांग की है कि छात्रों से वसूला गया अतिरिक्त शुल्क तुरंत लौटाया जाए, सभी आवश्यक शैक्षणिक और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, नियमित प्रैक्टिकल कक्षाएं आयोजित हों, फीस की रसीद दी जाए और छात्रों को धमकाना बंद किया जाए। संगठन के राज्याध्यक्ष वैभव चोपकर ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिन के भीतर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो एआईएसएफ की ओर से आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com