spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पुजारियों को कमरे में बंद कर वारदात

– खाटू श्याम मंदिर में चोरी, दानपेटी तोड़ 1 लाख उड़ाये

वाड़ी :-  लावा परिसर स्थित श्री – राधामोहन खाटू श्याम मंदिर में रविवार रात चोरों ने सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अज्ञात चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और भगवान के समक्ष रखी मजबूत स्टील की दानपेटी तोड़कर उसमें रखी करीब 1 लाख रु. की दानराशि लेकर फरार हो गए. रविवार मध्यरात्रि के समय चोर मंदिर परिसर में घुसे. सबसे पहले उन्होंने मंदिर से सटे पुजारी निवास के दरवाजे को बाहर से बंद कर पुजारियों को अंदर ही कैद कर दिया. इसके बाद मुख्य प्रवेश द्वार के लोहे के चैनल गेट का ताला और सांकल तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया. अंदर जाकर चोरों ने स्टील की मजबूत दानपेटी को तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए. दानपेटी तोड़ते समय एक चोर के घायल होने की आशंका है, क्योंकि घटनास्थल पर खून के निशान भी पाए गए हैं. मंदिर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण पूरी घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी. सोमवार सुबह जब पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए बाहर निकलने लगे, तो उन्होंने पाया कि उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है. घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के पदाधिकारी और भक्त मौके पर पहुंचे. मंदिर समिति के प्रवीण सिंह ने बताया कि रविवार 29 मार्च को एकादशी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रात करीब 10 बजे तक चला था. इसके बाद मंदिर को विधिवत बंद कर सभी अपने घर चले गए थे. सुबह घटना उजागर होने के बाद वाड़ी पुलिस स्टेशन को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुजारियों से जानकारी लेकर पंचनामा किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Popular Articles