spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ऑनलाइन गेम की लत पत्नी-बेटी संग पीया जहर

भोपाल :- मध्य प्रदेश के शहडोल में ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को पल भर में तबाह कर दिया. ऑनलाइन गेम बीडीजी और एविएटर खेलते-खेलते बढ़ते कर्ज के बोझ और आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक पिता ने अपनी पत्नी और बेटी को कोल्ड ड्रिंक में जहर पिला दिया. इसके बाद खुद भी पी लिया. इलाज के दौरान पहले 16 वर्षीय बेटी स्वाति, फिर कारोबारी शंकर लाल गुप्ता की जान चली गई. पत्नी राजकुमारी मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में मौत से जंग लड़ रही है. गुप्ता इस खेल में करीब 4 लाख रुपये हार चुके थे. इसके लिए लोगों से कर्ज भी लिया था. वह काफी समय से तनाव में थे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना शहर की पुरानी बस्ती स्थित सत्यम वीडियो के पास की है. घटना के समय 15 वर्षीय बेटा अनिकेत घर पर मौजूद नहीं था, जिससे वह इस हादसे का शिकार होने से बच गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. पुलिस के अनुसार शंकर लाल घटना से पहले बेटे अनिकेत के साथ बाजार गए थे. बेटे को दोस्त की दुकान पर छोड़कर शंकर ने चाय पीने की बात कही. फिर बाजार से कोल्ड ड्रिंक खरीदकर घर चले गए. इसमें जहर मिला दिया. फिर पत्नी राजकुमारी और बेटी स्वाति को कोल्ड ड्रिंक पिला दी और खुद भी पी ली. चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी पहुंचे. देखा कि तीनों लोगों की तबीयत खराब है. एम्बुलेंस की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया.

गंभीर हालत में तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान पहले बेटी स्वाति की मौत हो गई. परिजन उसका अंतिम संस्कार कर घर लौटे ही थे कि कुछ देर बाद पिता शंकर लाल गुप्ता ने भी दम तोड़ दिया. पत्नी आईसीयू में भर्ती है और जिंदगी मौत के बीच जंग लड़ रही है. कोतवाली के एसआई उपेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शंकर एक साल से ऑनलाइन गेम खेल रहा था. टी 20 वर्ल्ड कप के दौरान वह इसमें ज्यादा सक्रिय था. शुरुआती जांच में खुदकुशी की वजह आर्थिक तंगी ही लग रही है. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है. पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

Popular Articles