– सभापति सीमा ढोमणे के समर्थन में विधायक कृष्णा खोपड़े, जांच की मांग
नागपुर :- विधायक कृष्णा खोपड़े ने नेहरूनगर जोन की सभापति सीमा ढोमणे के कामकाज की सराहना करते हुए जोन के अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में हुए महानगरपालिका चुनाव में निर्वाचित होने के बाद सीमा ढोमणे ने जोन के अंतर्गत आने वाले सभी प्रभागों का दौरा कर नागरिकों की समस्याएं जानीं और उनके निराकरण की दिशा में काम शुरू किया।
खोपड़े ने आरोप लगाया कि जोन के सहायक आयुक्त के व्यवहार में अब भी प्रशासक राज की मानसिकता दिखाई देती है। निर्वाचित नगरसेवकों का अपेक्षित सम्मान नहीं किया जा रहा है और अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय का अभाव है। उन्होंने अधिकारियों से अपनी कार्यशैली और मानसिकता बदलने की अपील की।
पुराने कामों के बिलों की जानकारी नहीं देने का आरोप
खोपड़े ने कहा कि स्थायी समिति सभापति ने वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते समय प्रत्येक जोन के पुराने बकाया कार्यों के बिलों के लिए प्रावधान किया है। नेहरूनगर जोन की सभापति सीमा ढोमणे ने सहायक आयुक्त से पुराने कार्यों की जानकारी कई बार मांगी, लेकिन कथित रूप से टालमटोल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जानकारी मांगना सभापति और नगरसेवकों का अधिकार है। सभापति द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान कुछ पुराने कार्य मौके पर दिखाई नहीं देने का आरोप है। ऐसे में इन कार्यों की जांच आवश्यक है। खोपड़े ने मनपा आयुक्त से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सीमा ढोमणे की भूमिका उचित है और उनके साथ अधिकारियों का व्यवहार न्यायसंगत नहीं है।





