– ‘एक घंटा मैदान में’ और ‘संडेज ऑन साइकिल’ में दिखा उत्साह
नागपुर :- महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नागपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से रविवार को ‘एक घंटा मैदान में’ और ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल की प्रमुख उपस्थिति में प्रात: 6.30 बजे पुलिस मुख्यालय के कवायद मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हुए।
पुलिस आयुक्त नांगरे पाटिल ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन 45 मिनट वर्कआउट और 15 मिनट योग करने की सलाह दी। साथ ही संतुलित आहार लेने और परिवार के सदस्यों को भी नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में हर दिन नई चुनौती सामने आती है। ऐसे में तनाव और चुनौतियों का सामना करने के लिए शरीर के साथ दिमाग को भी स्वस्थ रखना जरूरी है। नियमित कसरत और योग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बाद पुलिस आयुक्त नांगरे पाटिल, ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी और डीआईजी वसंत परदेशी ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ रैली में हिस्सा लिया।
रैली पुलिस मुख्यालय से शुरू होकर ओल्ड काटोल नाका, पुलिस तालाब टी-पॉइंट, अवस्थी नगर चौक और पागलखाना चौक होते हुए करीब 3 किलोमीटर का सफर तय कर वापस पुलिस मुख्यालय पहुंची। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग एवं वर्कआउट कर फिटनेस का संदेश दिया। कार्यक्रम में डीआईजी विनीता शाहू, डीसीपी रश्मिता राव, दीपक अग्रवाल, अन्नपूर्णा सिंह, संदीप पखाले, राहुल माकणीकर, रमेश धुमाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।





