– दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, तीन युवतियां मुक्त
नागपुर :- शहर के राणा प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पंचकर्म और स्पा मसाज सेंटर की आड़ में कथित रूप से देहव्यापार चलाए जाने का मामला सामने आया है। सामाजिक सुरक्षा विभाग और एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन पीड़ित युवतियों को मुक्त कराया। इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 12 अक्टूबर को शाम 4.25 से रात 8.55 बजे के बीच कोतवाल नगर स्थित कांता पैलेस के फ्लैट नंबर 200 में संचालित ‘अविरा पंचकर्म एंड स्पा’ में की गई। आरोप है कि गीतानगर, मानेवाड़ा-बेसा निवासी योगेश अशोकराव इंगोले (35) और भूपेश नगर, बोरगांव निवासी सुप्रिया राजू रायकवार (35) युवतियों को कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच देकर ग्राहकों की व्यवस्था करते थे और उन्हें देहव्यापार के लिए मजबूर करते थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दो पंचों और एक बोगस ग्राहक की मदद से स्पा सेंटर पर छापा मारा। इस दौरान तीन युवतियों को मुक्त कराया गया। मामले में राणा प्रतापनगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2), 143(3) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सामाजिक सुरक्षा विभाग, अपराध शाखा, नागपुर शहर के पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में की गई।








