spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

गंगा जमुना परिसर में तीन युवकों को लूटा

– पत्थर से सिर पर वार कर छीना मोबाइल और नकदी, एक गिरफ्तार

नागपुर :- शहर के लकड़गंज थाना क्षेत्र में एमडी ड्रग्स बेचने के संदेह में तीन युवकों को रोककर मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने युवकों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने सड़क से पत्थर उठाकर एक युवक के सिर पर मार दिया और उसकी जेब से 500 रुपये नकद तथा करीब 9,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। मामले में लकड़गंज पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर संजय शेख (25) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता समर्थ गजानन सोसाइटी, वाड़ी थाना क्षेत्र निवासी प्रज्वल सुधीर गवली (24) अपने मित्र किशन अरविंद पटेल (25) और अमन विजय यादव (24) के साथ 11 अक्टूबर की रात लकड़गंज थाना क्षेत्र के गंगा-जमुना परिसर स्थित सीमेंट रोड से जा रहा था। इसी दौरान समीर शेख अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने युवकों पर एमडी ड्रग्स बेचने के लिए आने का संदेह जताते हुए उन्हें रोका और उनकी तलाशी लेने लगे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि समीर और उसके साथियों ने तीनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान समीर ने सड़क से पत्थर उठाकर प्रज्वल के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 500 रुपये नकद और मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 9,000 रुपये बताई गई है, जबरन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना में घायल प्रज्वल को उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसकी शिकायत पर लकड़गंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, समीर संजय शेख को गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज होने का उल्लेख है। वारदात में शामिल उसके दो अन्य साथियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

Popular Articles