spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

मतगणना पर सवाल, उम्मीदवारों का हंगामा

– केंद्र के बाहर 9 कैंडिडेट ने दिया धरना

नागपुर :- नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान मतपत्रों को रखने के लिए पर्याप्त बॉक्स उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए नौ उम्मीदवारों ने विरोध प्रदर्शन किया। उम्मीदवारों का कहना है कि बार-बार आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। इस दौरान पुलिस पर धक्कामुक्की करने का आरोप भी लगाया गया। नाराज उम्मीदवारों ने मतगणना केंद्र के बाहर धरना देकर प्रक्रिया पारदर्शी और नियमानुसार संचालित करने की मांग की।

निर्वाचन क्षेत्र से कुल 38 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुछ उम्मीदवारों के अनुसार, मतपत्रों की उचित छंटाई और गिनती के लिए पर्याप्त बॉक्स होने चाहिए थे, लेकिन मौके पर केवल छह से सात बॉक्स उपलब्ध कराए गए। उन्होंने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए सभी उम्मीदवारों के मतपत्रों की व्यवस्थित गिनती सुनिश्चित करने की मांग की। उम्मीदवारों ने इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत की। उनके मुताबिक, जिलाधिकारी ने उन्हें निर्वाचन निर्णय अधिकारी तथा विभागीय आयुक्त के पास लिखित शिकायत देने को कहा। इसके बाद लिखित शिकायत भी सौंपी गई, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप उम्मीदवारों ने लगाया।

पुलिस पर धक्कामुक्की का भी आरोप

एड. प्रदीप सोमकुंवर, एड. संदीप शेंडे और सचिन कालबांडे ने आरोप लगाया कि मतगणना व्यवस्था पर सवाल उठाने के दौरान पुलिस ने उनके साथ धक्कामुक्की की। इस घटना के विरोध में नौ उम्मीदवार मतगणना केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और अपनी शिकायतों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

Popular Articles