– दोनों आरोपी सेंट्रल जेल रवाना
उमरेड :- 12 वी बोर्ड परीक्षा के रसायनशास्त्र (केमिस्ट्री) विषय की प्रश्नपत्रिका लीक होने के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश के बाद सेंट्रल जेल भेज दिया गया है. इस प्रकरण में सेवानिवृत्त शिक्षक सतीश खर्चे और टारगेट एकेडमी ऑफ साइंस, उमरेड के संचालक अतुल जगन चौधरी को पहले 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया था. रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल रवाना कर दिया गया. उल्लेखनीय है कि 12वीं बोर्ड
परीक्षा के रसायनशास्त्र विषय की प्रश्नपत्रिका लीक होने की खबर सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए उमरेड पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और इस प्रकरण में टारगेट एकेडमी ऑफ साइंस के संचालक भांडारकर ले-आउट, उमरेड निवासी अतुल जगन चौधरी को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर सेवानिवृत्त शिक्षक सतीश खर्चे को भी इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया. इसजांच करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया.