– मालिक और मैनेजर पर मामला दर्ज
नागपुर :- सीताबर्डी के कॉफी हाउस चौक के पास स्थित रूफटॉप रेस्टोरेंट में बिना अनुमति हुक्का चलाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हुक्का पीने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। इस मामले में रेस्टोरेंट के मालिक और मैनेजर के खिलाफ सीताबर्डी थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान वैशालीनगर निवासी ऋत्विक जितेंद्र भावसार और गवलीपुरा, धरमपेठ निवासी नितेश धर्मेंद्र पटेल के रूप में हुई है।
परिमंडल-2 की पुलिस उपायुक्त अन्नपूर्णा सिंह के दस्ते को मिली सूचना के आधार पर मंगलवार को ‘डी मार्टिनी लाउंज’ रूफटॉप रेस्टोरेंट में जांच की गई। पुलिस की भनक लगते ही वहां हुक्का पी रहे कुछ ग्राहक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रेस्टोरेंट की तलाशी के दौरान 12 कांच के हुक्का पॉट, विभिन्न रंगों के रबर पाइप, चिलम, 22 प्लास्टिक फिल्टर और अलग-अलग फ्लेवर के तंबाकू जन्य पदार्थ जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। सीताबर्डी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





